लाइफ स्टाइल

अमरूद के पत्ते भी हैं सेहत का खजाना, जानें चाय से लेकर फेस पैक तक इस्तेमाल के फायदे

 आम, केला, सेब, पपीते के अलावा अमरूद भी लोग बड़े चाव से खाते हैं. इसके अलावा यह अनार की तरह ज्यादा महंगा भी नहीं होता है. अमरूद एक ऐसा फल है, जो स्वाद और पोषण दोनों के लिए जाना जाता है. मगर अमरूद के पत्तों को निकालकर कूड़े में फेंक देते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसके पत्ते भी कई औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं?

आमतौर पर ज्यादातर लोग अमरूद के पत्तों को बेकार समझकर फेंक देते हैं, जबकि इनमें फ्लेवोनॉइड्स, पॉलीफेनॉल्स, टैनिन और एंटीऑक्सीडेंट जैसे तत्व पाए जाते हैं. यही वजह है कि आयुर्वेद में भी इनका इस्तेमाल लंबे समय से किया जाता रहा है. अमरूद के पत्तों को सेहत के लिए वरदान कहना भी गलत नहीं होगा, इसका इस्तेमाल कई तरीके से किया जाता है.स्किन से लेकर बालों तक के लिए अमरूद की पत्तियां फायदेमंद होती हैं.

दिल्ली के न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. अंशुल जयभारत के मुताबिक, अमरूद के पत्ते विटामिन C जैसे एंटीऑक्सीडेंट और क्वेरसेटिन जैसे फ्लेवोनॉयड्स का पावरहाउस हैं, जो हमारी हेल्थ और ब्यूटी के लिए कई तरह के फायदे पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. आइए आपको बताते हैं कि आप अमरूद के पत्तों का आप कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं.

हर्बल चाय बनाकर पिएं
अमरूद के पत्तों को बेकार समझकर फेंकने की गलती न करें, बल्कि इससे आप हर्बल चाय बनाकर पी सकते हैं. चाय बनाने के लिए 8 से 10 ताजे अमरूद के पत्तों को धोकर 2 कप पानी में करीब 10 मिनट तक उबालें. इसके बाद छानकर गुनगुना पिएं. आप इसका टेस्ट चेंज करने के लिए चाहें तो थोड़ा शहद या नींबू मिला सकते हैं.

माउथ रिंस बनाएं
माउथ रिंस के लिए भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है और इससे आपको बाजार से महंगा माउथ फ्रेशनर खरीदने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी. अमरूद के पत्तों को पानी में उबालकर ठंडा कर लें. इस पानी से कुल्ला करने से मुंह की सफाई बनाए रखने और सांस की बदबू कम करने में मदद मिल सकती है.

बाल धोने के लिए
अमरूद के पत्ते बालों के लिए भी फायदेमंद होता है और आप इसके पानी का इस्तेमाल बालों के लिए कर सकते हैं. पत्तों को उबालकर तैयार पानी को ठंडा करें और बाल धोने के बाद आखिर रिंस के रूप में इस्तेमाल करें. इससे स्कैल्प की सफाई में मदद मिल सकती है.

 फेस पैक में बनाएं
अमरूद के पत्तों से आप फेस पैक बना सकते हैं. पत्तों का पेस्ट बनाकर उसमें गुलाब जल मिलाएं और चेहरे पर 10 से 15 मिनट लगाएं. इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट गुण स्किन की देखभाल में मदद कर सकते हैं.

अमरूद के पत्तों के संभावित फायदे
डाइजेस्टिव सिस्टम को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकते हैं.
ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने में मददगार हो सकते हैं.
एंटीऑक्सीडेंट गुण शरीर को फ्री-रेडिकल्स से बचाने में मदद करते हैं.
इम्युनिटी पावर को सपोर्ट कर सकते हैं.
त्वचा और बालों की देखभाल में गुणकारी माने जाते हैं.

अमरूद के पत्तों के इस्तेमाल रखें ये सावधानी
हालांकि अमरूद के पत्ते प्राकृतिक हैं, लेकिन इन्हें किसी बीमारी का इलाज नहीं माना जा सकता. यदि आप डायबिटीज, हाई बीपी या किसी अन्य बीमारी की दवा ले रहे हैं, गर्भवती हैं या स्तनपान करा रही हैं, तो अमरूद के पत्तों का नियमित सेवन या उपयोग शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें.

Related Articles

Back to top button